बेंगलुरु में लोक अभियोजक को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया

Ads

बेंगलुरु में लोक अभियोजक को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 03:24 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 03:24 PM IST

बेंगलुरु, एक जून (भाषा) बेंगलुरु की एक अदालत से जुड़ी लोक अभियोजक को एक शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए सोमवार को पकड़ा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान सविता नवीन पाटिल (55) के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु स्थित नगर दीवानी और सत्र अदालत में लोक अभियोजक के पद पर तैनात है।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, पाटिल ने चेन्नममनकेरे अचुकट्टू थाने में दर्ज एक मामले के संबंध में आपत्तियां दर्ज कराने के लिए बानाशंकरी निवासी से कथित तौर पर 5,000 रुपये की मांग की थी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की शिकायत के बाद, लोकायुक्त के अधिकारियों ने पाटिल को उस समय रंगे हाथ पकड़ा, जब वह शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत ले रही थी।

उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप