जयपुर, 23 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए मंगलवार को पेश केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत का लोक कल्याणकारी बजट बताया।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘विकसित भारत का लोक कल्याणकारी बजट… प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किये गए केंद्रीय बजट को (मैंने) मुख्यमंत्री कार्यालय में सुना। यह बजट ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना, अंत्योदय के प्रति दृढ़ संकल्प, एवं ‘नए भारत’ को वैश्विक विकास का अग्रदूत बनाने का ‘रोडमैप’ है।’’
उन्होंने लिखा,‘‘नए भारत को पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मार्ग प्रशस्त करते हुए इस लोक कल्याणकारी, विकासोन्मुख तथा सर्वसमावेशी बजट के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार एवं माननीय वित्त मंत्री जी का धन्यवाद।’’
वित्त मंत्री सीतारमण द्वारा मंगलवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए बजट लोकसभा में पेश किया।
भाषा पृथ्वी कुंज राजकुमार
राजकुमार