पुडुचेरी, 19 मई (भाषा) पुडुचेरी विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष ए. अनबलगन ने मंगलवार को एआईएनआरसी नेता और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी का थट्टनचावडी विधानसभा सीट से इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
रंगासामी ने नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में थट्टनचावडी और मंगलम सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों सीटों पर जीत हासिल की।
विधानसभा सचिव जे. दयालाने द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने मंगलम सीट बरकरार रखी है। अस्थायी अध्यक्ष ने थट्टनचावडी से रंगासामी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
रंगासामी ने 13 मई को वरिष्ठ भाजपा नेता ए. नमस्सिवयम और एआईएनआरसी विधायक मल्लाडी कृष्णा राव के साथ पांचवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में एआईएनआरसी की संख्या अब घटकर 11 रह गई है और पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की कुल संख्या 17 है। इसके सहयोगी दलों में भाजपा ने चार सीटें जीती हैं; अन्नाद्रमुक और एलजेके को एक-एक सदस्य मिला है।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश