पुडुचेरी विधानसभा ने कर्नाटक के मेकेदातु बांध प्रस्ताव का सर्वसम्मति से विरोध किया

Ads

पुडुचेरी विधानसभा ने कर्नाटक के मेकेदातु बांध प्रस्ताव का सर्वसम्मति से विरोध किया

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 07:33 PM IST

पुडुचेरी, 31 अगस्त (भाषा) पुडुचेरी विधानसभा ने कावेरी नदी पर मेकेदातु में बांध बनाने की कर्नाटक की योजना का विरोध करते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री एन. रंगासामी द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

सदन के सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

प्रस्ताव पेश करते हुए रंगासामी ने कहा, “पुडुचेरी की विधानसभा कर्नाटक सरकार द्वारा तमिलनाडु सीमा से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित मेकेदातु में बांध बनाने की योजना का विरोध और निंदा करती है।”

उन्होंने कहा कि कर्नाटक की यह योजना “पुडुचेरी के लोगों के हितों के खिलाफ है और कावेरी नदी के पानी के बंटवारे पर उच्चतम न्यायालय के अंतिम फैसले के भी विपरीत है।”

प्रस्ताव में केंद्र सरकार से अपील की गई कि वह प्रस्तावित बांध के निर्माण की अनुमति न दे, क्योंकि इससे पुडुचेरी के लोगों के हितों पर बुरा असर पड़ेगा।

प्रस्ताव में कहा गया है कि विधानसभा ने “इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक सरकार को पुडुचेरी समेत कावेरी नदी घाटी के तहत आने वाले सभी राज्यों की सहमति के बिना इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ाना चाहिए।”

रंगासामी ने कर्नाटक सरकार से योजना वापस लेने और इस संबंध में आगे कोई कार्रवाई न करने की अपील की।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश