होशियारपुर (पंजाब), 15 अप्रैल (भाषा) पंजाब के होशियारपुर जिले में एक पिकअप वाहन के पलटने से 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मंगलवार देर रात उस समय हुई जब करीब 20 यात्रियों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन खुरालगढ़ साहिब से गढ़शंकर की ओर जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, एक ढलान पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण पिकअप सड़क पर पलट गया।
राहगीरों ने तुरंत घायलों को गढ़शंकर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद छह से सात लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) स्थानांतरित किया गया है।
भाषा सुमित माधव
माधव