पंजाब विधानसभा में नौ महत्वपूर्ण विधेयक पारित

Ads

पंजाब विधानसभा में नौ महत्वपूर्ण विधेयक पारित

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 01:08 AM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 01:08 AM IST

चंडीगढ़, 10 अगस्त (भाषा) पंजाब विधानसभा ने सोमवार को ‘पंजाब वस्तु एवं सेवा कर (पीजीएसटी) संशोधन विधेयक-2026’ सहित नौ प्रमुख विधेयकों को पारित कर दिया।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इसका उद्देश्य स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देना और राज्य भर में जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाना है।

मानसून सत्र के अंतिम दिन, राज्य विधानसभा ने ‘पंजाब गैर-सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान शुल्क विनियमन (संशोधन) विधेयक, 2026’ को भी सर्वसम्मति से पारित किया, जिससे निजी स्कूलों द्वारा फीस में सालाना बढ़ोतरी की अधिकतम सीमा पांच प्रतिशत तय करने का मार्ग प्रशस्त हो गया।

इसके अलावा, सदन ने तीन नए डिजिटल मुक्त विद्यापीठों से संबंधित तीन विधेयकों: क्लाउड यूनिवर्सिटी, होशियारपुर विधेयक, 2026, एमएस डिजिटल यूनिवर्सिटी, पटियाला विधेयक, 2026, फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी, पटियाला विधेयक, 2026 को भी पारित कर दिया।

विधेयकों के अनुसार, इन विश्वविद्यालयों की स्थापना का उद्देश्य डिजिटल अध्ययन-अध्यापन के माध्यम से इंजीनियरिंग, मेडिकल, जीवन विज्ञान, मानविकी, लिबरल आर्ट्स और प्रबंधन सहित उच्च शिक्षा के विषयों में सभी स्तरों पर उच्च गुणवत्ता वाली ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सामग्री की पहुंच और प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षण का समर्थन करने के लिए मजबूत शैक्षणिक और डिजिटल बुनियादी ढांचा प्रदान करना है।

भाषा सुमित गोला

गोला