बठिंडा, 23 जून (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विदेश में काम कर रहे राज्य के युवाओं से अपनी मातृभूमि लौटने का मंगलवार को आह्वान किया और भरोसा दिया कि उनकी सरकार उन्हें नियमित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी और राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने युवाओं का व्यवस्था पर भरोसा बहाल किया है और इसके कारण ‘रिवर्स माइग्रेशन’ शुरू हुआ है।
उन्होंने कहा कि अब कई युवा विदेश में अवसर तलाशने के बजाय वापस पंजाब लौटना पसंद कर रहे हैं।
मान पंजाब राज्य ऊर्जा निगम लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में नवनियुक्त 665 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपने से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य ने साढ़े चार वर्ष में 68,268 सरकारी नौकरियां देकर एक रिकॉर्ड बनाया है और नौकरी के बदले पैसे तथा सिफारिश के दौर को पूरी तरह समाप्त कर दिया है।
मान ने विदेश में कार्यरत पंजाब के युवाओं से फिर अपील की कि वे अपनी मातृभूमि लौट आएं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उन्हें नियमित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य की सामाजिक-आर्थिक उन्नति में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश