पंजाब: मुख्यमंत्री ने ‘मान दा मुनाफा’ घर-घर अभियान शुरू किया
पंजाब: मुख्यमंत्री ने 'मान दा मुनाफा' घर-घर अभियान शुरू किया
धुरी, 20 सितंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के घर-घर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अपनी सरकार के ‘मान दा मुनाफा’ विमर्श को आगे बढ़ाते हुए दावा किया कि मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य सेवा जैसी कल्याणकारी योजनाओं से हर परिवार को सालाना 1.82 लाख रुपये का लाभ मिल रहा है।
मान ने कहा कि आप वर्ष 2022 से किए गए अपने कामों के रिकॉर्ड के साथ हर घर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान सकारात्मक रहेगा और इसमें इस बात पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा कि सरकार ने पंजाब के लिए क्या काम किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आप’ जमीनी स्तर पर किए गए कामों के आधार पर लोगों से समर्थन मांगेगी और विपक्ष से उसके रिकॉर्ड तथा मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के मुद्दे पर सवाल करेगी।
अभियान के तहत मान ने धुरी में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों से बातचीत की।
उन्होंने लोगों की राय जानी, पिछले साढ़े चार वर्षों में सरकार की ओर से किए गए कामों पर चर्चा की और बताया कि किस तरह विभिन्न योजनाओं एवं पहलों का सीधा लाभ आम परिवारों तक पहुंच रहा है।
मान ने कहा, ‘‘पंजाब का हर परिवार आज हमारी सरकार की ओर से शुरू की गई पहलों से सालाना 1.82 लाख रुपये का लाभ पा रहा है। यह कोई काल्पनिक आंकड़ा नहीं है। यह वह पैसा है जिसे परिवारों को अब बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जरूरी सेवाओं पर अपनी जेब से खर्च नहीं करना पड़ रहा है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि हर परिवार खुद बैठकर यह हिसाब लगाए कि वह हर महीने कितनी बचत कर रहा है। यही ‘मान दा मुनाफा’ का वास्तविक अर्थ है।’
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से परिवारों पर जरूरी सेवाओं का आर्थिक बोझ कम हुआ है और लोगों को अपनी मेहनत की कमाई अन्य घरेलू जरूरतों पर खर्च करने का अवसर मिला है।
विपक्ष के बारे में मान ने कहा, ‘पंजाब में कांग्रेस आपस में ही लड़ रही है; उसके नेता लोगों की समस्याओं के बजाय आपसी खींचतान में अधिक उलझे हुए हैं, जबकि शिरोमणि अकाली दल का सफाया हो चुका है और जमीनी स्तर पर उसकी कोई मौजूदगी नहीं है।’
मादक पदार्थों के मुद्दे पर मान ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि गुजरात से पंजाब में मादक पदार्थ लाए जा रहे हैं।
उन्होंने पूछा कि जब भाजपा गुजरात से पंजाब में मादक पदार्थ ला रही है, तो वह किस मुंह से मादक पदार्थ के बारे में बात कर रही है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


