शारजाह में फंसी पंजाब की कॉलेज प्राचार्य सुरक्षित लौटीं, मुंबई पहुंचने पर ली राहत की सांस

Ads

शारजाह में फंसी पंजाब की कॉलेज प्राचार्य सुरक्षित लौटीं, मुंबई पहुंचने पर ली राहत की सांस

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 06:20 PM IST

चंडीगढ़, पांच मार्च (भाषा) ‘‘मुंबई हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद हमारी जान में जान आई’’ यह कहना है पंजाब के कॉलेज की प्राचार्य नीरू गर्ग का जो ईरान पर इजरायल-अमेरिका के संयुक्त हमले के बाद शारजाह (संयुक्त अरब अमीरात) में फंसे कई भारतीयों में से एक थीं।

बठिंडा के एसएसडी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य गर्ग ने बताया कि दुबई से लगभग 225 यात्रियों को लेकर एक विमान बृहस्पतिवार तड़के मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा। इसके बाद वह अपने पति के साथ चंडीगढ़ हवाई अड्डे पहुंचीं।

घूमने-फिरने दुबई की यात्रा पर गईं गर्ग ईरान के हमलों के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद शारजाह में फंस गई थीं। उन्होंने बताया कि उस दौरान उनके पास न तो नकदी थी और न ही जरूरी दवाएं।

चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में गर्ग ने कहा, “मुंबई हवाई अड्डे पर विमान के उतरने तक हम बेहद घबराए हुए थे।”

उन्होंने कहा, “जब हम दुबई हवाई अड्डे पर थे, तब मिसाइल दागे जाने की बातें सुनने को मिल रही थीं। हम डर गए थे। भारत में विमान के उतरते ही हमारी जान में जान आई। उड़ान में मौजूद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।”

गर्ग अपने पति के साथ 23 फरवरी को दुबई की पांच दिन की यात्रा पर गई थीं। यात्रा समाप्त होने के बाद जब उन्हें लौटना था तो शारजाह से अमृतसर के लिए उनकी निर्धारित उड़ान रद्द हो गई।

उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई थी और केंद्र तथा पंजाब सरकार से निकासी में मदद की अपील की थी।

गर्ग ने उनकी सहायता के लिए सिख समुदाय का आभार भी व्यक्त करते हुए कहा, “मैं सिख समुदाय को सलाम करती हूं। मुझे जाने बिना भी उन्होंने मेरी बहुत मदद की। मुझे कई संदेश मिले जिनमें मुझसे धनराशि भेजने के लिए खाता संख्या मांगी गई थी। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और लंदन से भी संदेश आए।”

उन्होंने बताया कि उनकी एक पूर्व छात्रा ने भी उन्हें फोन कर मदद की पेशकश की।

भाषा खारी रंजन

रंजन