जयपुर, पांच मार्च (भाषा) राजस्थान के स्कूल शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को फरवरी-2026 की जिला शैक्षिक अकादमिक रैंकिंग जारी की जिसमें करौली जिले ने पहला स्थान हासिल किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि झुंझुनूं दूसरे और हनुमानगढ़ तीसरे स्थान पर रहा।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने शीर्ष-3 में शामिल चूरू इस बार फिसलकर छठे स्थान पर पहुंच गया है तथा डूंगरपुर, सीकर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, अलवर और गंगानगर पहले 10 में शामिल हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार, अकादमिक रैंकिंग का उद्देश्य जिलों के प्रदर्शन की नियमित, तथ्य-आधारित समीक्षा करना और विद्यालय शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही को मजबूत बनाना है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी यह रैंकिंग प्रदेश के सभी जिलों के शैक्षणिक परिणामों, विद्यालयों के दैनिक संचालन और विभिन्न गवर्नेंस संकेतकों में प्रदर्शन का समग्र आकलन प्रस्तुत करती है।
अकादमिक रैंकिंग में योग्यता आधारित मूल्यांकन, मौखिक पठन प्रवाह आकलन और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा के परिणामों को विशेष महत्व दिया गया है, ताकि जिलों का प्रदर्शन केवल प्रशासनिक दक्षता ही नहीं बल्कि वास्तविक शैक्षणिक प्रभाव को भी दर्शा सके।
रैकिंग में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, कक्षा में शिक्षण की गुणवत्ता के माध्यम से निगरानी और शैक्षणिक मूल्यांकन में विद्यार्थियों के प्रदर्शन जैसे प्रमुख मानकों को शामिल किया गया है।
रैंकिंग के अनुसार बारां, उदयपुर और जोधपुर सूची में अंतिम पायदान पर रहे हैं।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार