पंजाब कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश प्रभारी के तौर पर पायलट की नियुक्ति का स्वागत किया
पंजाब कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश प्रभारी के तौर पर पायलट की नियुक्ति का स्वागत किया
चंडीगढ़, पांच सितंबर (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के कई नेताओं ने सचिन पायलट को प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किए जाने का स्वागत किया है। नेताओं ने कहा कि ऊर्जावान पायलट से आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी में और जोश आएगा।
पायलट ने भूपेश बघेल का स्थान लिया है, जिन्हें असम का प्रभारी बनाया गया है।
पंजाब में नयी जिम्मेदारी मिलने पर पायलट को बधाई देते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनकी (पायलट) ऊर्जा निश्चित रूप से कुछ ही महीनों बाद होने वाले महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी में जोश बढ़ाएगी।’’
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भी पायलट की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद।’’
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पायलट को बधाई देते हुए कहा, ‘‘संगठन को मजबूत करने और पंजाब में कांग्रेस को आगे ले जाने के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद है।’’
भाषा शफीक रंजन
रंजन

Facebook


