पंजाब कांग्रेस ने झाड़ू तोड़कर विरोध प्रदर्शन किया
पंजाब कांग्रेस ने झाड़ू तोड़कर विरोध प्रदर्शन किया
(तस्वीर के साथ)
होशियारपुर, छह जून (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा राज्य में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग के विरोध में शनिवार को झाड़ू तोड़कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया।
यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस समर्थक अर्शदीप सिंह से जुड़े एक राजनीतिक विवाद के बाद हुआ। अर्शदीप को आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव चिह्न झाड़ू का कथित रूप से अपमान करने के आरोप में हिरासत में लिया गया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 29 मई को नगर निगम चुनाव परिणामों के बाद जश्न के दौरान, मोहल्ला अहियापुर में एक आप पदाधिकारी के आवास के बाहर युवाओं का एक समूह एकत्र हुआ और उन्होंने उपद्रव किया, झाड़ू (के रेशे) बिखेरे, धमकियां दीं और सोशल मीडिया पर इससे संबंधित सामग्री प्रसारित की, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था भंग हो सकती थी।
पुलिस ने इस शिकायत पर रोजनामचा में रिपोर्ट दर्ज की।
इस मामले में कथित तौर पर की गई कठोर कार्रवाई की निंदा करते हुए, वडिंग ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जिसमें झाड़ू तोड़कर विरोध जताया गया।
उन्होंने अर्शदीप और उनके परिवार से भी मुलाकात की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एकजुटता व्यक्त करते हुए उनसे कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं।
भाषा संतोष सिम्मी
सिम्मी

Facebook


