चंडीगढ़, नौ अगस्त (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने रविवार को कहा कि ‘संडे विद वडिंग एंड वॉरियर्स’ नाम के एक नए अभियान के तहत, वह हर हफ़्ते पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे और लोगों की चिंताओं को समझने एवं बूथ स्तर पर संगठन का आकलन करने के लिए उनसे फीडबैक लेंगे।
उन्होंने ‘हर बूथ कांग्रेस मज़बूत’ अभियान में पूरे राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया। यह अभियान नौ दिनों तक 18 जिलों में चला।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वह ‘संडे विद वडिंग एंड वॉरियर्स’ कैंपेन के तहत हर रविवार पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से बातचीत करेंगे, उनके अनुभव सुनेंगे और जमीनी स्तर से नियमित फीडबैक लेंगे।
वडिंग ने एक बयान में कहा कि इस पहल का मकसद पंजाब कांग्रेस नेतृत्व और ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच लगातार एवं सीधा संपर्क बनाना और उनसे फ़ीडबैक लेना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से यह सुनिश्चित होगा कि ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की आवाज़ पार्टी नेतृत्व तक पहुंचे और संगठन जमीनी हकीकत से जुड़ा रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए काफी पहले से तैयारी कर रही है और उसका ध्यान हर बूथ को मज़बूत करने, स्वयंसेवकों का एक मज़बूत नेटवर्क बनाने और यह सुनिश्चित करने पर होगा कि हर कार्यकर्ता राज्य में राजनीतिक बदलाव लाने के बड़े मिशन से जुड़ा हुआ महसूस करे।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश