होशियारपुर, 27 मई (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर शराब वितरित करने और इसका विरोध करने वालों पर हमला करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो उम्मीदवारों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मंगलवार को गढ़शंकर नगर परिषद चुनाव के मतदान से कुछ घंटे पहले हुयी।
पुलिस के अनुसार, गढ़शंकर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और उत्पाद शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आरोपियों की पहचान पहलेवाल निवासी अभिषेक, बिरमापुर निवासी आलम, गढ़शंकर निवासी राकेश कुमार उर्फ नीतू, वार्ड नंबर पांच से भाजपा उम्मीदवार जोगिंदर कौर और वार्ड नंबर तीन से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमारी के रूप में हुई है।
गढ़शंकर के आंबेडकर नगर निवासी कृपाल राम और उनके भतीजे सुखप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने गढ़शंकर के पूड़ा कॉलोनी इलाके में एक पार्क के पास दो कारें खड़ी देखीं।
नामजद आरोपियों के अलावा, कुछ अज्ञात व्यक्ति भी कथित तौर पर वाहनों के अंदर मौजूद थे और मतदाताओं को शराब बांट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि वाहनों पर भाजपा के झंडे लगे थे और उनमें सवार लोगों के पास कथित तौर पर मतदाता सूचियां और प्रचार सामग्री थी, जो मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास का संकेत देती है।
पुलिस के अनुसार, जब कृपाल राम ने आपत्ति जताई, तो अभिषेक और राकेश कुमार कथित तौर पर आक्रोशित हो गए और उनके उकसाने पर उनके एक साथी ने सुखप्रीत सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हंगामे के बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके कारण आरोपी वाहन छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों वाहन जब्त कर लिए गए हैं।
तलाशी के दौरान, वाहनों से शराब की कई बोतलें और एक धारदार हथियार बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा राखी रंजन
रंजन