पंजाब के मंत्री मुंडियां का आरोप : ईडी ने उनके भतीजे के परिवार पर दबाव डाला

Ads

पंजाब के मंत्री मुंडियां का आरोप : ईडी ने उनके भतीजे के परिवार पर दबाव डाला

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 08:44 PM IST

चंडीगढ़, 24 सितंबर (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लुधियाना में उनके भतीजे के घर पर तलाशी के दौरान परिवार को परेशान किया।

मुंडियां के अनुसार ईडी अधिकारियों ने उनके रिश्तेदारों से कहा कि वे मंत्री को आम आदमी पार्टी (आप) छोड़ने के लिए मनाएं।

मुंडियां ने दावा किया कि उनके भतीजे के घर पर छापेमारी के दौरान ईडी को कुछ भी नहीं मिला।

ईडी ने बुधवार को धनशोधन जांच के तहत लुधियाना में सैनी तलाशी ली थी। इस जांच के तहत ग्रेटर मोहाली क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (जीएमएडीए) के कार्यालयों, आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव आईएएस अधिकारी विकास गर्ग के आवास और दिल्ली की एक रियल एस्टेट कंपनी के परिसरों पर भी तलाशी ली गई।

संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुंडियां ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी अधिकारियों ने उनके भतीजे के परिवार को परेशान किया और उनकी आर्थिक स्थिति के बारे में पूछताछ की। अधिकारियों ने कथित तौर पर यह भी पूछा कि मुंडियां परिवार को कितनी आर्थिक मदद देते हैं और उनका वेतन कितना है।

मुंडियां के अनुसार ईडी अधिकारियों ने परिवार से उन्हें आम आदमी पार्टी छोड़ने के लिए मनाने को कहा।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश