पंजाब : फिरोजपुर में पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में नौ लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने शोक जताया
पंजाब : फिरोजपुर में पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में नौ लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने शोक जताया
फिरोजपुर, छह जून (भाषा) पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार को एक पिकअप वाहन की ट्रक से टक्कर हो जाने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी
दुर्घटना फिरोजपुर-फाजिल्का सड़क पर जंगावाला मोड़ के पास हुई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
पुलिस के अनुसार, जलालाबाद से 32 लोग एक रिश्तेदार की अस्थियों को ब्यास नदी में विसर्जित करने के लिए अमृतसर के ब्यास जा रहे थे कि तभी उनके वाहन की ट्रक से टक्कर हो गई। इनमें से कई की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल लोगों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर हालत वाले मरीजों को फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
सिंह ने कहा कि पुलिस दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
दुर्घटना में अंशप्रीत सिंह (12) को मामूली चोटें आई हैं। उसने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपनी दादी पूरू बाई (62) की अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था।
अंशप्रीत ने कहा, ‘‘हम तड़के साढ़े तीन बजे निकले थे। सबकुछ सामान्य था और हम ईंधन भरवाने के लिए भी रुके थे। जैसे ही हम जंगावाला मोड़ के पास पहुंचे, हादसा हो गया।’’
मृतकों की पहचान करनैल सिंह, लक्ष्मी रानी, सुखविंदर कौर, भागो रानी, माया बाई, सुरिंदर सिंह, राजकुमार, दर्शन सिंह और विद्या रानी के रूप में हुई है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


