पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया

Ads

पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 01:03 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 01:03 PM IST

चंडीगढ़, 20 मई (भाषा) पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी और 10 किलोग्राम मादक पदार्थ (मेथम्फेटामाइन) और चार किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के साथ एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी अबू धाबी या दुबई से संचालित होने वाले मादक पदार्थ तस्कर के संपर्क में थे और पंजाब और दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से लौटा था, जहां उसे कथित तौर पर हेरोइन और मादक पदार्थ की खेप के परिवहन का प्रशिक्षण दिया गया था और उसे माझ और दोआबा क्षेत्रों में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने का काम सौंपा गया था।’

अमृतसर के छेहरटा पुलिस थाने में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है ताकि सभी संबंधों का पता लगाया जा सके, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके और अतिरिक्त बरामदगी का पता लगाया जा सके।

भाषा तान्या वैभव

वैभव

शीर्ष 5 समाचार