पंजाब पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया
पंजाब पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया
चंडीगढ़, 10 अगस्त (भाषा) पंजाब पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर उसके एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक हथगोला बरामद किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने विदेश में बैठे आकाओं के निर्देश पर जालंधर से कथित तौर पर हथगोला हासिल किया था।
पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीमा पार आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एसबीएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में विदेश में बैठे आकाओं द्वारा संचालित आईएसआई प्रायोजित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार कर 86-पी हथगोला बरामद किया गया है। इस प्रकार एक सुनियोजित हमले को विफल कर दिया गया।’’
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने विदेश में बैठे आकाओं के निर्देश पर जालंधर के आदमपुर के पास एक ‘डीएलबी’ से कथित तौर पर हथगोला हासिल किया था।
डीएलबी यानी ‘डेड लेटर बॉक्स’ आतंकवादियों, उनके आकाओं और संगठित अपराध गिरोहों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली संचार एवं सामान पहुंचाने की गुप्त तकनीक है। इसके जरिए बिना आमने-सामने निर्देश मिले, धन या हथियार पहुंचाए जाते हैं।
यादव ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि विदेशी आकाओं, स्थानीय मददगारों तथा पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


