फतेहगढ़ साहिब, 14 जुलाई (भाषा) पंजाब में 2020 के बेअदबी (धार्मिक ग्रंथ के अपमान) के एक मामले में आरोपी और हाल ही में जमानत पर रिहा हुए 45 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मेवा सिंह की सोमवार आधी रात को मंडी गोबिंदगढ़ के निकट लाडपुर तूरां गांव स्थित उसके घर में एक अज्ञात हमलावर ने हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय मेवा सिंह अपने परिवार के साथ घर पर थे। इसी दौरान हमलावर कथित तौर पर चारदीवारी फांदकर घर में घुसा और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती खबरों में कहा गया था कि हमले के दौरान मेवा सिंह का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था।
हालांकि बाद में अमलोह के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बिक्रमजीत सिंह घुम्मन ने स्पष्ट किया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के कई गहरे घाव मिले हैं, लेकिन उनका सिर धड़ से अलग नहीं किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में आर्थिक लेन-देन और व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मेवा सिंह वर्ष 2020 में लाडपुर तूरां गांव के एक गुरुद्वारे में हुई बेअदबी की घटना के मामले में आरोपी था।
भाषा राखी नरेश
नरेश