पंजाब: सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने भ्रष्टाचार के मामले में प्राथमिकी को लेकर प्रदर्शन किया

Ads

पंजाब: सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने भ्रष्टाचार के मामले में प्राथमिकी को लेकर प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 08:20 PM IST

चंडीगढ़, 11 फरवरी (भाषा) पंजाबी गायक दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने एक संगीत निर्माता और दो अन्य लोगों पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप वाली उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने को लेकर मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया।

सिद्धू के माता-पिता की शिकायत उनके दिवंगत बेटे के रिलीज किए गए गानों के लिए बकाया रॉयल्टी भुगतान से संबंधित वित्तीय विवाद से जुड़ी है।

सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और 26 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए।

बलकौर सिंह और उनकी पत्नी चरण कौर अपने छोटे बेटे के साथ मानसा में एसएसपी कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठे तथा उन्होंने संगीत निर्माता व दो अन्य लोगों के खिलाफ अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बलकौर ने कहा कि उन्होंने जून 2025 में पुलिस महानिदेशक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

उन्होंने कहा कि शिकायत एसएसपी को भेज दी गई थी लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया।

सिद्धू की मां ने कहा, ‘‘न तो पुलिस मेरी शिकायत पर कोई कार्रवाई कर रही है और न ही उसे लौटा रही है। एसएसपी भी इस मामले में कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, “अगर मेरी शिकायत झूठी है, तो पुलिस को उसे लौटा देना चाहिए।

बलकौर ने कहा कि पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई न करने के कारण उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि वह कार्रवाई की मांग करते हुए बार-बार एसएसपी कार्यालय जा रहे हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया है।

बाद में पुलिस उप महानिरीक्षक (बठिंडा) हरजीत सिंह ने दंपति को बैठक के लिए बुलाया।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शिकायत पर पुलिस की कथित निष्क्रियता की निंदा करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है।

उन्होंने कहा, “अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी, तो हमें विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। पूरी कांग्रेस मूसेवाला परिवार के साथ है।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश