अहमदाबाद, 18 जून (भाषा) यहां स्थित बीजे चिकित्सा महाविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रहे तीन छात्रों को पहले वर्ष के रेजिडेंट चिकित्सकों की कथित तौर पर रैगिंग करने के आरोप में छह महीने से लेकर एक साल तक के लिए निलंबित कर दिया गया है। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पंशेरिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पंशेरिया ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई राजकीय महाविद्यालय की रैगिंग रोधी समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई।
उन्होंने एक अन्य बयान में कहा कि भावनगर के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में हड्डी रोग विभाग के दूसरे साल के स्नातकोत्तर छात्रों द्वारा पहले वर्ष के 13 छात्रों की रैगिंग करने की एक और शिकायत को भी बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है।
पंशेरिया ने कहा कि अहमदाबाद के बीजे चिकित्सा महाविद्यालय के हड्डी रोग विभाग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष के छात्रों (रेजिडेंट चिकित्सक) की रैगिंग करने शिकायत को बहुत गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘रैगिंग रोधी समिति की रिपोर्ट के आधार पर, रैगिंग में शामिल दूसरे साल के तीन छात्रों को छह महीने से लेकर एक साल तक के लिए निलंबित कर दिया गया है।’’
मंत्री ने कहा कि गुजरात सरकार और स्वास्थ्य विभाग छात्रों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भय-मुक्त शैक्षिक माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंशेरिया ने छात्रों से रैगिंग जैसी गतिविधियों से दूर रहने और आपसी सम्मान, सहानुभूति और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने की अपील की।
मंत्री के मुताबिक, उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को भावनगर के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में रैगिंग की शिकायत पर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
पंशेरिया ने महाविद्यालय के अधिष्ठाता (डीन) और रैगिंग रोधी समिति को निर्देश दिया है कि वे हड्डी रोग विभाग के दूसरे साल के छह स्नातकोत्तर छात्रों द्वारा पहले साल के 13 छात्रों की रैगिंग करने के आरोपों पर तुरंत एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपें।
उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
भाषा धीरज संतोष
संतोष