नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तम नगर के लोग किसी भी प्रकार के खूनखराबे के पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि उन्होंने पहले ही हिंसा के लिए भारी कीमत चुकाई है।
गांधी ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे किसी भी उकसावे में न आयें, क्योंकि देश की ताकत उसकी एकता और भाईचारे में निहित है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसका ‘इकोसिस्टम’ समाज में हिंसा भड़काने और नफरत फैलाने के हर मौके का फायदा उठाना चाहते हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘उत्तम नगर के लोगों ने हिंसा की भारी कीमत चुकाई है – एक तरफ एक जवान लड़के, तरुण, की जान चली गई, दूसरी तरफ एक पूरा परिवार उत्पीड़न का सामना कर रहा है। उन्हें और खून-खराबा नहीं चाहिए।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘‘खून-खराबा केवल भारतीय जनता पार्टी और उसका इकोसिस्टम चाहता है, जो नफ़रत के तवे पर हिंसा की रोटी सेंकने के हर मौके का फायदा उठाता है।’’
गांधी ने कहा, ‘‘वो (भाजपा) चाहते हैं कि देश हिंदू-मुसलमान में उलझा रहे, ताकि लोग यह न पूछ सकें कि आखिर प्रधानमंत्री देश की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और सामरिक संप्रभुता को अमेरिका के हवाले करने पर क्यों मजबूर हैं – इसीलिए, दिन-दहाड़े देश की राजधानी में फिर से दंगों जैसे हालात खड़े किए जा रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा, ‘‘दिल्ली वासियों से अनुरोध है किसी बहकावे में न आएं – देश की शक्ति हमारी एकता, भाईचारे और मोहब्बत में है। जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो।’’
राजधानी दिल्ली में चार मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी इलाके में 26 वर्षीय तरुण के परिवार और पड़ोसियों के बीच हुई झड़प के दौरान तरुण की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, हिंसा उस समय भड़की जब तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर जा गिरा।
बाद में कुछ हिंदू संगठनों ने इस हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया और आरोपियों के परिवार के दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर समेत पूरे द्वारका जिले में विभिन्न जगहों पर ईद उल फितर से पहले सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इसके तहत जिले में 100 से अधिक जगहों पर जांच चौकी बनाई है जबकि सुरक्षाकर्मी छतों पर से निगरानी कर रहे हैं।
भाषा रंजन
रंजन पवनेश
पवनेश