राहुल गांधी ने संसद को बंधक बना लिया है : भाजपा
राहुल गांधी ने संसद को बंधक बना लिया है : भाजपा
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अपनी ‘मनमानी और अनियंत्रित व्यवहार’ से संसद को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह सदन में कोई सार्थक चर्चा नहीं चाहते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पाटी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने नीट और छात्रों के मुद्दों से संबंधित राहुल गांधी की कई मांगें मान ली हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी संसद में विस्तृत बयान देने को तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस नेता ‘‘भाग रहे हैं’’।
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘आप सभी ने देखा है कि वह (गांधी) सत्र के दौरान सदन से भाग जाते हैं और सत्र खत्म होने के बाद विदेश चले जाते हैं… लेकिन विदेश जाने से पहले, थोड़ी हिम्मत जुटाइए और गृह मंत्री अमित शाह का बयान सुनने का साहस दिखाइए।’’
भाजपा का यह बयान सरकार की उस घोषणा के एक दिन बाद आया है जिसमें कहा गया था कि शाह देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर होने वाली बहस का जवाब देंगे। लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट कर कर दिया है कि संसद में उसका विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में माफी नहीं मांगते।
राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि देश को संसद में ‘‘आम विषयों’’ पर शाह की राय में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह यह जानना चाहता है कि क्या उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन चलाने का आदेश दिया था।
भाजपा प्रवक्ता ने गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारे संविधान निर्माताओं ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि देश के सबसे ऊंचे सदन को कोई बिगड़ैल राजकुमार अपने मनमाने व्यवहार और सनक के कारण बंधक बना लेगा।’’
त्रिवेदी ने कहा,‘‘एक-एक करके उनकी मांगें पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा)से जुड़े नियमों में बदलाव होने चाहिए, और इसे मान लिया गया। उन्होंने कहा कि कड़े कानून बनाए जाने चाहिए, और छात्रों की यह मांग भी मान ली गई।’’
भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा कि नए कानून, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों के खिलाफ मामले वापस लेने की मांगें भी मान ली गईं, लेकिन ‘‘हर बार वह कोई नयी मांग लेकर आ जाते हैं।’’
त्रिवेदी ने गांधी को चुनौती दी कि वह कार्यवाही में बाधा डालने के बजाय संसदीय बहस में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे का बिंदुवार जवाब देने के लिए तैयार है।
उन्होंने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनिमयितताओं के खिलाफ जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ डरिये नहीं। भागे नहीं। हम यह बिल्कुल स्पष्ट करना चाहते हैं, सदन से भागें नहीं… हम आपको ऐसा नहीं करने की चुनौती देते हैं। भागे नहीं, सुनिये। आपको सदन में बात सुननी चाहिए और फिर रांची जाना चाहिए। लेकिन आप न तो रांची जा रहे हैं और न ही सदन में बात सुन रहे हैं।’’
त्रिवेदी ने कहा कि झारखंड में जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर गांधी की चुप्पी खास तौर पर ध्यान खींचने वाली है, क्योंकि कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में आपकी सरकार है। हम पहली बार देख रहे हैं कि सत्ता में बैठे लोग छात्रों के साथ खड़े हैं। अगर आप उनके साथ हैं, तो फोन उठाएं और तुरंत कार्रवाई करें।’’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड के छात्र प्रश्नपत्र लीक को लेकर विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे भर्ती में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई)से जांच की मांग कर रहे हैं।
त्रिवेदी ने गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बताना मुश्किल है कि कांग्रेस नेता संसद में क्या करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी क्या करेंगे या क्या नहीं करेंगे, इस बारे में हम बाहरी लोग कुछ नहीं कह सकते। मुझे लगता है कि अगर आप कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष से भी पूछें, तो शायद वह भी आपको न बता पाएं। अगर आप खुद राहुल गांधी से पूछें कि वह कल संसद में क्या करने वाले हैं, तो मुझे आशंका है कि एआई और जेमिनी मिलकर भी यह बता पाएंगे कि राहुल गांधी कल क्या कर सकते हैं।’’
त्रिवेदी ने गांधी पर संसद की कार्यवाही से बचने और संसद सत्र के बाद विदेश यात्रा करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यह स्वाभाविक है कि सत्र के बाद वह फिर से विदेश भाग जाएंगे। लेकिन विदेश भागने से पहले, इतनी हिम्मत ज़रूर जुटाएं कि जाने से पहले गृह मंत्री अमित शाह का बयान सुन सकें।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


