छात्रों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार, राहुल को ‘भागना’ नहीं चाहिए: रीजीजू
छात्रों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार, राहुल को ‘भागना’ नहीं चाहिए: रीजीजू
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने मंगलवार को कहा कि सरकार छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर संसद में विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस को चर्चा से ‘‘भागना’’ नहीं चाहिए।
संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में रीजीजू ने कहा कि सरकार सिर्फ बयान देने की बात से आगे बढ़कर इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी शुरू से ही कह रहे हैं कि गृह मंत्री को बयान देना चाहिए। हम कह रहे हैं कि सिर्फ बयान ही क्यों? हम पूरी चर्चा करेंगे। बयान तो बस एक औपचारिक लिखित दस्तावेज होता है। हम बयान से आगे बढ़कर पूरे दिन, या दो दिन तक भी, विस्तृत चर्चा करने और हर एक बात का जवाब देने के लिए तैयार हैं।’’
रीजीजू ने यह भी कहा कि छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करने से स्पष्टता आएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘इस विरोध-प्रदर्शन के कई पहलू हैं। अगर हम इस पर विस्तार से चर्चा करें, तो सब कुछ सामने आ जाएगा और सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।’’
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सांसदों ने भी राहुल गांधी से चर्चा से नहीं ‘‘भागने’’ का आग्रह किया है।
रीजीजू ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस फिर से चर्चा से भाग गई है। आज हमारे राजग सहयोगियों ने भी मांग की कि राहुल गांधी को भागना नहीं चाहिए। लेकिन वह आज फिर भाग गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि सरकार ने सोमवार को यह प्रस्ताव रखा था और वह छात्रों के मुद्दे पर विस्तृत जवाब देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘कल (सोमवार को) हमने कहा था कि सरकार छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई किसी भी घटना पर विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है। हमारे पास जवाब तैयार थे और गृह मंत्री अमित शाह जी भी तैयार थे। लेकिन उन्होंने (विपक्ष ने) चर्चा नहीं होने दी।’’
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, ‘‘आज भी हम सुबह से ही पूरी तरह तैयार थे। राजग के सभी सांसद चर्चा शुरू करने के लिए तैयार थे। गृह मंत्री भी अपना जवाब देने के लिए तैयार बैठे थे। लेकिन कांग्रेस फिर से भाग गई और सदन के बाहर नारे लगाने लगी, जिससे चर्चा नहीं हो पाई। देश की जनता के सामने यह स्पष्ट हो गया है कि हम चर्चा के लिए तैयार हैं।’’
उन्होंने कांग्रेस से यह भी अपील की कि पार्टी मानसून सत्र के बचे हुए दिनों में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा करने के लिए सहमत हो। यह सत्र बृहस्पतिवार को संपन्न हो रहा है।
रीजीजू ने कहा, ‘‘मानसून सत्र अब अपने आखिरी चरण में है। बचे हुए दिनों में, कांग्रेस को छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर सरकार द्वारा प्रस्तावित विस्तृत चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा था, ‘‘यह सवाल कभी नहीं था कि अमित शाह सदन में आएं और किसी आम विषय पर बोलें। सवाल यह था कि शाह यह स्पष्ट करें कि हमारे छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था?’’
उन्होंने कहा था, ‘‘अमित शाह को खुद को पाक-साफ साबित करना चाहिए।’’
भाषा सुभाष हक
हक

Facebook


