तिरुवनंतपुरम, 18 जून (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ए.के. बालन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केवल ‘सवर्णों’ या अपनी जाति के लोगों को गले लगाते हैं।
बालन ने दावा किया कि इसी वजह से उन्होंने नरेन्द्र मोदी को तो गले लगाया, लेकिन पिनराई विजयन को गले नहीं लगायेंगे।
उन्होंने कहा कि राहुल का यह बयान कि वह मोदी को तो गले लगाएंगे लेकिन विजयन को नहीं, उनकी ‘जातिवादी सोच’ को दिखाता है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह श्रेष्ठता की भावना को दिखाता है।’’
हाल ही में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन की एक बैठक में राहुल ने कथित तौर पर कहा था कि केरल में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण वह विजयन को गले नहीं लगायेंगे।
इस टिप्पणी पर विजयन ने याद दिलाया कि कांग्रेस नेता ने संसद में मोदी को गले लगाया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा विजयन की बेटी वीना से पूछताछ और उन्हें दोबारा बुलाए जाने की संभावना पर बालन ने कहा कि एजेंसी अपनी कार्रवाई जारी रखने के लिए स्वतंत्र है।
बुधवार को ईडी ने वीना से नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। यह पूछताछ धन शोधन के एक मामले में की गई जो उनकी अब बंद हो चुकी आईटी कंपनी और खनन कंपनी ‘सीएमआरएल’ के साथ उसके कथित संबंधों से जुड़ा था।
उन्होंने कहा कि तीन उच्च न्यायालय इस मामले की समीक्षा कर चुके हैं, जबकि आयकर विभाग, गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ)और ईडी ने भी इसकी जांच की है।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या उन्हें अभी तक कुछ नहीं मिला? अब ईडी को बताना होगा कि उसके पास क्या सामग्री या सबूत हैं। लेकिन असल में यह किसी को मानसिक रूप से परेशान करने के मकसद से की जा रही दुर्भावनापूर्ण कानूनी कार्रवाई का हिस्सा है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक रूप से प्रेरित मामला है और असली निशाना विजयन हैं।
बालन ने कहा कि ईडी इस मामले में अपनी जांच अधिक समय तक जारी नहीं रखेगी।
ईडी के अनुसार, सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था द्वारा चलाई जा रही एक और कंपनी ‘एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने एक्सलॉजिक को 50 लाख रुपये का लोन दिया था, जबकि कंपनी समय पर पैसे नहीं चुका पा रही थी।
एजेंसी का आरोप है कि वीना और कार्था के नेतृत्व वाली सीएमआरएल की प्रबंधन टीम ने इन लेन-देन के जरिये ‘अपराध से कमाई’ की।
ईडी ने अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की एक अदालत में एसएफआईओ द्वारा दायर अभियोजन संबंधी शिकायत के आधार पर धन शोधन निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
भाषा संतोष रंजन
रंजन