दिल्ली में मुठभेड़ के बाद दो नाबालिग शूटर गिरफ्तार, हत्या का मामला सुलझा

Ads

दिल्ली में मुठभेड़ के बाद दो नाबालिग शूटर गिरफ्तार, हत्या का मामला सुलझा

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 06:04 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 06:04 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दयालपुर इलाके में एक व्यक्ति की हत्या में कथित तौर पर शामिल दो नाबालिग शूटर को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, अनवर ठाकुर-हारून गिरोह से जुड़े नाबालिगों को बुधवार देर रात पकड़ा गया। आरोप है कि उन्होंने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में उस्मानपुर-वज़ीराबाद रोड के पास उन्हें रोकने की कोशिश कर रही पुलिस टीम पर गोलीबारी की थी।

पुलिस ने बताया कि ये दोनों दयालपुर इलाके में 15 जून को राशिद नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में वांछित थे। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर अपराध शाखा ने जाल बिछाया और बुधवार रात 11:05 बजे मोटरसाइकिल पर जा रहे संदिग्धों को रुकने का इशारा किया।

अधिकारी ने कहा, ‘घिर जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और पुलिस टीम पर गोली चलाई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए संदिग्धों के पैरों पर गोली मारी , जिसके बाद दोनों को काबू में कर हिरासत में ले लिया गया।”

पुलिस ने बताया कि यह हत्या उत्तर पूर्वी दिल्ली में सक्रिय हारून गिरोह और उसके विरोधी नसीम दुर्रानी गिरोह के बीच लंबे समय से चल रही दुश्मनी का नतीजा थी। पुलिस के मुताबिक, राशिद कथित तौर पर गैंगस्टर दुर्रानी और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। गैंगस्टर हारून के करीबी सहयोगी राजा मेवाती की हाल में हत्या के बाद यह दुश्मनी और बढ़ गई थी।

अधिकारी ने कहा, ‘हारून गिरोह के सदस्यों को शक था कि राजा मेवाती की हत्या की साज़िश में राशिद का हाथ था और उन्होंने बदला लेने के लिए उसकी हत्या करने का षडयंत्र रचा।’

पुलिस ने पकड़े गए नाबालिगों के पास से दो अर्द्ध स्वचालित पिस्तौल, पांच कारतूस और कारतूस के तीन खोखे बरामद किए। मामले की जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव