राहुल ने छात्रों को जंतर-मंतर से ‘दूर रहने की चेतावनी’ देने पर डीयू को घेरा

राहुल ने छात्रों को जंतर-मंतर से ‘दूर रहने की चेतावनी’ देने पर डीयू को घेरा

राहुल ने छात्रों को जंतर-मंतर से ‘दूर रहने की चेतावनी’ देने पर डीयू को घेरा
Modified Date: July 24, 2026 / 12:07 pm IST
Published Date: July 24, 2026 12:07 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छात्रों को जंतर-मंतर पर जारी विरोध से ‘‘दूर रहने’’ की सलाह देने को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की तीखी आलोचना करते हुए शुक्रवार को सवाल किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने वाले छात्रों को ‘‘धमकाने’’ की हिम्मत विश्वविद्यालय कैसे कर सकता है।

राहुल गांधी ने डीयू की सोशल मीडिया पोस्ट को ‘टैग’ करते हुए कहा, ‘‘आप ही वे लोग हैं जिन्हें समय आने पर जवाबदेह ठहराया जाएगा।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए छात्रों को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? कृपया ध्यान रखें, समय आने पर आप ही जवाबदेह ठहराए जाएंगे।’’

दरअसल, डीयू ने बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘प्रिय छात्रों और शिक्षकों, आपकी सुरक्षा हमारे लिए महत्वपूर्ण है। कृपया ध्यान दें कि नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाली कोई भी गैरकानूनी सभा या प्रदर्शन को लेकर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।’’

विश्वविद्यालय ने कहा था कि ऐसी गतिविधियां छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती हैं और उनकी शैक्षणिक प्रगति तथा पेशेवर अवसरों को भी काफी प्रभावित कर सकती हैं।

उसने कहा था, ‘‘ऐसे में, सभी छात्रों से जंतर-मंतर से दूर रहने और अपनी सुरक्षा तथा कानून के अनुपालन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया जाता है। इसके अलावा, आपको सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है क्योंकि स्थिति को भड़काने के लिए बड़ी मात्रा में फर्जी और भ्रामक सामग्री तैयार कर प्रसारित की जा रही है।’’

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है और नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।

भाषा हक हक सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में