जयपुर, 23 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें देशभक्ति सीखनी होगी।
राठौड़ ने टोंक में मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘राहुल गांधी जी को सीखने की जरूरत है। राष्ट्रभक्ति सीखना पड़ेगा। वे विदेशों में जाकर भारत की प्रतिष्ठा को खराब करें यह ठीक बात नहीं है।”
उन्होंने कहा,”वह(राहुल गांधी) हिंदू को हिंसा के साथ जोड़ें… यह कितनी दुखद बात है। हिन्दू गाय को रोटी देता है.. चींटी को दाना देता है और उस हिंदू को वह हिंसा के साथ जोड़ें तो मैं सोचता हूं कि उनको सीखने की जरूरत है… कि ऐसी बातें उनको नहीं बोलनी चाहिए।’’
भाजपा नेता ने कहा, ’’ ऐसे शब्द प्रयोग करेंगे तो लोग मुकदमा दर्ज करवायेंगे, विरोध करेंगे ही।’’
राठौड़ सोमवार को कोटा दौरे पर हैं और यात्रा के दौरान वह कुछ देर टोंक में रुके, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
भाषा
कुंज, पृथ्वी, रवि कांत
रवि कांत