नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में रविवार दोपहर बारिश हुई, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गया और कई स्थानों पर जलभराव और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि धौला कुआं, नारायणा, पटेल नगर, विजय चौक, जंगपुरा, रोहिणी, फिरोजशाह रोड और संसद मार्ग इलाके में बारिश हुई।
दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटों में एक मिमी बारिश दर्ज की गई।
स्वचालित मौसम केंद्रों (एडब्ल्युएस) के रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पूसा में 13 मिमी, जनकपुरी और नजफगढ़ में 9-9 मिमी, नारायणा में 7 मिमी, प्रगति मैदान में 2.7 मिमी, नरेला में 2.5 मिमी, फार्मा साइंस में 2 मिमी और एसपीएस में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इससे पहले दिन में, मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया था।
नेताजी सुभाष प्लेस की ओर जाने वाले लाला जगत नारायण मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पंजाबी बाग की ओर जाने वाली सड़क पर रानी बाग लाल बत्ती पर भी जलभराव देखा गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई।
आईएमडी ने सोमवार को सामान्यतः बादल छाए रहने तथा एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 91 के साथ संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा राखी आशीष
आशीष