दिल्ली में बृहस्पतिवार को बारिश से तापमान में गिरावट, आज और बारिश की संभावना

Ads

दिल्ली में बृहस्पतिवार को बारिश से तापमान में गिरावट, आज और बारिश की संभावना

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 11:25 AM IST

नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) दिल्ली में बृहस्पतिवार शाम हुई बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से शुक्रवार सुबह कुछ राहत मिली और न्यूनतम तापमान एक दिन पहले दर्ज 28.4 डिग्री सेल्सियस से घटकर 25.3 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम संबंधी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने दोपहर और शाम के समय बारिश होने, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी के केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, शहर के मानक केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है।

न्यूनतम तापमान पालम में 24.1 डिग्री सेल्सियस, रिज में 24 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये सभी सामान्य से लगभग दो डिग्री सेल्सियस कम हैं।

आईएमडी के अनुसार, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं आया और यह 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में चार मिलीमीटर, पालम में 4.3 मिलीमीटर और आयानगर में 3.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड में नाममात्र बारिश हुई, जबकि रिज में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 142 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा