दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश ने लोगों को उमस से राहत दिलाई
दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश ने लोगों को उमस से राहत दिलाई
(तस्वीरों सहित)
नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली के कई हिस्सों में रविवार को मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार अपराह्न ढाई बजे तक छतरपुर में सबसे अधिक 49 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद गुरुग्राम में 35 मिमी, महरौली में 18 मिमी, ग्रेटर नोएडा में 17 मिमी, नजफगढ़ में आठ मिमी और जनकपुरी में सात मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले दिन में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है।
इसके अलावा, बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का भी अनुमान जताया गया था।
विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 77 प्रतिशत रही। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
‘समीर’ ऐप के अनुसार, अपराह्न तीन बज कर 33 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 162 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा प्रचेता खारी
खारी

Facebook


