नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह बारिश हुई। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में और बारिश होने की संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक 32.4 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रिज में 37.6 मिमी, लोधी रोड में 36.7 मिमी, आया नगर में चार मिमी और पालम में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए शहर के कई हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है और तेज़ हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार सुबह नौ बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 77 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शून्य से 50 के बीच होने पर उसे ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाषा तान्या शोभना
शोभना