नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार सुबह बारिश हुई और राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज के साथ तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की है।
उसने बताया कि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 76 फीसदी दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे ‘मध्यम’ श्रेणी (148) में दर्ज किया गया।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा सिम्मी प्रशांत
प्रशांत