कोलकाता एवं दक्षिण बंगाल में हुई वर्षा, उत्तरी अंडमान में बनेगा निम्न दबाव का क्षेत्र

कोलकाता एवं दक्षिण बंगाल में हुई वर्षा, उत्तरी अंडमान में बनेगा निम्न दबाव का क्षेत्र

कोलकाता एवं दक्षिण बंगाल में हुई वर्षा, उत्तरी अंडमान में बनेगा निम्न दबाव का क्षेत्र
Modified Date: September 18, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: September 18, 2026 4:48 pm IST

(फोटो के साथ)

कोलकाता, 18 सितंबर (भाषा) कोलकाता और आस-पास के इलाकों में शुक्रवार को बारिश हुई, जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण बंगाल में 20 सितंबर तक तेज हवाएं चलने, बादल गरजने एवं बिजली चमकने का पूर्वानुमान लगाया है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जो अगले तीन से चार दिनों में दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ेगा।

कोलकाता और आस-पास के इलाकों में आज बारिश हुई। मौसम विभाग ने शहर में आम तौर पर बादल छाये रहने और शनिवार सुबह तक एक-दो बार बारिश होने की संभावना जताई है।

विभाग ने कहा कि दक्षिण बंगाल के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

बृहस्पतिवार को शहर के पास सॉल्ट लेक इलाके में भारी बारिश होने तथा सड़कों पर पानी जमा होने से जाम लग गया, जिससे शाम को घर लौट रहे लोगों को परेशानी हुई।

हालांकि, शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा के कारण राज्य सरकार की छुट्टी थी, इसलिए सड़कों पर यातायात काफी कम था।

आईएमडी ने शनिवार तक उत्तर बंगाल के ज़िलों में बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है। उसने दार्जिलिंग, कलिमपोंग और जलपाईगुड़ी में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में राज्य में सबसे ज़्यादा बारिश अलीपुरद्वार में 105 मिलीमीटर (मिमी) दर्ज की गई।

आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, सॉल्ट लेक में 69 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य के अन्य इलाकों में इस दौरान अच्छी-खासी बारिश हुई। जलपाईगुड़ी में 51 मिमी, डायमंड हार्बर में 50 मिमी, बर्धमान में 45 मिमी और दार्जिलिंग में 41 मिमी वर्षा हुई।

भाषा राजकुमार माधव

माधव


लेखक के बारे में