जयपुर, दो मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक शनिवार को यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई।
पार्टी के प्रवक्ता के अनुसार बैठक में लोकसभा चुनाव में पूरे देश में 400 सीटों से अधिक और राजस्थान में तीसरी बार लगातार लोकसभा की सभी 25 सीट जीतने का लक्ष्य बनाकर नीतियों पर क्रियान्वयन करने पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया ने की।
प्रदेश सह प्रभारी विजय राहटकर ने कहा कि राजस्थान में गत दो लोकसभा चुनाव में पार्टी ने सभी 25 सीट जीती हैं। उन्होंने कहा,‘‘ यह जीत भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की जीत है और आगे भी भाजपा के कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में अपनी सक्रियता लगातार बनाए हुए हैं और निश्चित रूप से इसके सकारात्मक परिणाम 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के दृढ़ संकल्प के पूरा होने के रूप में मिलेंगे।
पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों और सभी मोर्चों के अध्यक्षों की बैठक रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की अध्यक्षता में होगी।
भाषा पृथ्वी धीरज
धीरज