जयपुर, चार अगस्त (भाषा) संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे ‘संत श्री रविदास समरसता संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार शाम यहां भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यह शोभायात्रा विधानसभा के सामने स्थित विद्युत मंडलेश्वर महादेव मंदिर से रवाना होकर सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचेगी, जहां भाजपा का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रभारी भूपेंद्र सैनी ने यहां पत्रकारों को बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर राज्य के सभी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक-एक विशेष रथ तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मंगलवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम से समरसता कलश यात्राओं और इन विशेष रथों को रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से सात से आठ हजार कार्यकर्ताओं तथा करीब 251 संतों के शामिल होने की संभावना है।
सैनी ने बताया कि इन रथों और कलशों के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को लोकसभा क्षेत्रों, विधानसभा क्षेत्रों, मंडल, शक्ति केंद्र और गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलशों में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से लाई गई पवित्र मिट्टी भी रखी जाएगी।
बैरवा ने कहा कि संत रविदास का संदेश आज भी सामाजिक समरसता और समानता के लिए उतना ही प्रासंगिक है, जितना सदियों पहले था। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई वाराणसी से शुरू हुआ यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक देशभर में चलेगा।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक ‘संत संपर्क अभियान’ चलाया जाएगा जिसके तहत संत-महात्माओं, धार्मिक नेताओं और समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित कर संत रविदास के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।
बैरवा ने कहा कि पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक ‘संत रविदास समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी, जो विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी और समाज में भाईचारे, समानता तथा सामाजिक एकता का संदेश देगी।
उन्होंने कहा कि इसके बाद 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा इस दौरान विद्यार्थियों को संत रविदास के विचारों, जीवन-दर्शन, सेवा भावना और सामाजिक चेतना से परिचित कराया जाएगा।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार