जोधपुर, 21 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पचपदरा स्थित तेल रिफाइनरी में आग लगने की घटना के संबंध में मंगलवार को सुबह एचपीसीएल कंपनी के अधिकारियों के साथ चर्चा की।
मुख्य सचिव ने बताया कि उन्होंने सुबह एचपीसीएल के चेयरमैन से बात की और स्थिति पर चर्चा की।
उन्होंने जोधपुर में पत्रकारों से कहा, ‘कल की घटना के संबंध में आज रिफाइनरी में एक बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी।’
रिफाइनरी के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने जोधपुर में अधिकारियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री भजनलाल का भी आज रिफाइनरी का दौरा करने और वहां अधिकारियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है।
वी. श्रीनिवास पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं और मंगलवार सुबह अधिकारियों की एक टीम के साथ वह जोधपुर सर्किट हाउस से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए श्रीनिवास ने कहा कि वह मौके पर जाकर स्थिति की समीक्षा करेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है और इसके हर पहलू पर बारीकी से नजर रख रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी पचपदरा पहुंचेंगे जहां इस घटना की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
राजस्थान के बालोतरा जिले की उस पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई जिसका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को उद्घाटन करने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि आग रिफाइनरी की ‘क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट’ में लगी। अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई लेकिन किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। आग पर लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा