राजस्थान निकाय चुनाव: पहले चरण में 72.09 प्रतिशत मतदान; कई जगह झड़प, फर्जी मतदान के आरोप

Ads

राजस्थान निकाय चुनाव: पहले चरण में 72.09 प्रतिशत मतदान; कई जगह झड़प, फर्जी मतदान के आरोप

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 09:55 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 09:55 PM IST

जयपुर, नौ सितंबर (भाषा) राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को अनुमानित 72.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर झड़प, कथित फर्जी मतदान और ईवीएम में गड़बड़ी की घटनाएं सामने आईं।

अधिकारियों के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले की अरनोद नगर पालिका में सबसे अधिक 91.98 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में सबसे कम 61.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्य की 162 नगरीय निकायों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। इनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाएं शामिल हैं।

बीकानेर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जेठानंद व्यास की एक मतदान केंद्र पर बूथ अधिकारी से बहस हो गई। बूथ अधिकारी शिशुपाल सिंह ने विधायक से मतदान केंद्र छोड़कर 200 मीटर दूर रहने को कहा। इसके बाद बूथ के बाहर लोगों ने नारेबाजी की।

डीडवाना-कुचामन जिले के डीडवाना में वार्ड 11 के मतदान केंद्र पर परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई। उनके परिजनों ने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थकों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।

सीकर जिले के फतेहपुर में वार्ड 14 में मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच पथराव हो गया। घटना में दो लोग घायल हुए।

झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड 35 में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) प्रत्याशी महिपाल पूनिया ने फर्जी मतदान का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मतदान केंद्र के गेट पर तैनात पुलिसकर्मी कथित रूप से फर्जी मतदान करने वालों का समर्थन कर रहे थे।

धौलपुर नगर परिषद के वार्ड 57 में मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच भी झड़प हो गई।

जयपुर जिले के दूदू में एक बूथ पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी सलीम और कांग्रेस प्रत्याशी इशाक के समर्थक आपस में भिड़ गए।

इस बीच बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मतदान के प्रति उत्साह दिखाया। सीकर जिले के नीमकाथाना नगर परिषद के वार्ड 18 में 104 वर्षीय सुगन देवी को उनके परिजन उठाकर मतदान केंद्र तक ले गए।

वहीं झुंझुनूं जिले की खेतड़ी नगरपालिका के वार्ड 12 में 103 वर्षीय सावित्री देवी को परिजन कुर्सी पर बैठाकर मतदान केंद्र लेकर पहुंचे।

दिन में कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आईं। सुजानगढ़ नगर परिषद के वार्ड 39 और बीकानेर के वार्ड 52 में ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। अलवर में ईवीएम बंद होने के बाद मतदाताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सवाई माधोपुर और जोधपुर में तकनीकी खामियों के कारण मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं।

इससे पहले अपराह्न एक बजे तक 50.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। उस समय डीग जिले की सीकरी नगर पालिका में सबसे अधिक 81.28 प्रतिशत मतदान हुआ था।

पहले चरण में 5,393 पार्षद पदों के लिए 20,000 से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

अधिकारियों के अनुसार, 162 नगरीय निकायों में 57,52,278 मतदाता मतदान के पात्र थे। इसके लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

राजस्थान के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को कराए जा रहे हैं। पार्षद पदों के लिए मतगणना 14 सितंबर को होगी।

भाषा बाकोलिया सुरभि

सुरभि