जयपुर, 21 मई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को बांसवाड़ा जिले के चुड़ादा गांव में रातभर ठहरने के बाद सुबह ग्रामीणों से मुलाकात की और मौके पर ही जन शिकायतों पर आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान शर्मा विभिन्न स्थानों पर रुके, स्थानीय निवासियों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट बांटी और ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों ने पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिस पर मुख्यमंत्री ने प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एक मामले में एक महिला ने अपने पति, जो सागवाड़ा में सहायक अभियंता हैं, का तबादला बांसवाड़ा करने का अनुरोध किया क्योंकि उनके बेटे को सेरेब्रल पाल्सी की समस्या है। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कुछ ही घंटों में तबादला आदेश जारी कर दिया गया।
इस बीच, ठुम्मठ गांव के निवासियों ने मुख्यमंत्री से ‘मा-बाड़ी केंद्र’ निर्माण की मांग की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनजातीय क्षेत्र विकास विभाग ने इस परियोजना के लिए 16.20 लाख रुपये स्वीकृत किए, जिसमें से 14.58 लाख रुपये प्रथम चरण में जारी किए जाएंगे।
भाषा बाकोलिया मनीषा
मनीषा