जयपुर, 25 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में शनिवार को एक दंपति के शव उनके गांव के पास स्थित कुएं से बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आर्थूना थाना क्षेत्र के नवा गांव मोहल्ला निवासी धापू और मुकेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दंपति 21 अप्रैल से लापता थे और परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। कई दिनों की खोज के बाद दोनों के शव कुएं से बरामद किए गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया।
आर्थूना थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत