राजस्थान: मुस्लिम महिला को दिया कंबल वापस लेने पर भाजपा के पूर्व सांसद की आलोचना

Ads

राजस्थान: मुस्लिम महिला को दिया कंबल वापस लेने पर भाजपा के पूर्व सांसद की आलोचना

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 05:00 PM IST

(स्लग में बदलाव करते हुए)

जयपुर, 23 फरवरी (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया एक कार्यक्रम में मुस्लिम महिला का नाम पता चलने पर उसे दिया गया कंबल वापस लेने की कथित घटना से कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार जौनपुरिया के व्‍यवहार की आलोचना करते हुए कहा क‍ि उनके द्वारा गरीब मुस्लिम महिला से कंबल वापस लेना एवं अपमानजनक व्यवहार करना शर्मनाक और घोर निंदनीय है।

यह कतिपय घटना रविवार दोपहर टोंक जिले की निवाई तहसील के करेड़ा बुजुर्ग गांव के मंदिर परिसर में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार शुरू में वहां मौजूद महिलाओं को कंबल दिए गए लेकिन बाद में मुस्लिम महिला से कंबल वापस ले लिया।

कार्यक्रम के एक कथित वीडियो क्लिप में जौनापुरिया को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गाली देते हैं उन्हें कंबल लेने का हक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत कार्यक्रम था और इसका किसी सरकारी योजना से संबंध नहीं था।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने इस घटना को लेकर पूर्व सांसद पर निशाना साधा। वहीं युवा कांग्रेस एक स्थानीय नेता ने गांव जाकर उस महिलाओं को कंबल बांटे और भाजपा पर लोगों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

इसको लेकर सोमवार को गांव में व‍िरोध प्रदर्शन भी हुआ।

जूली ने जौनपुरिया की निंदा करते हुए कहा, ‘‘एक जनप्रतिनिधि जो सांसद जैसे पद पर विराजमान रहे हों, वह इस तरह की हरकत करें यह बिल्कुल निंदनीय है।’’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि पूर्व सांसद जौनपुरिया द्वारा गरीब मुस्लिम महिला से कंबल वापस लेना एवं अपमानजनक व्यवहार करना शर्मनाक और घोर निंदनीय है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीति एवं आरएसएस की विचारधारा नफरत, ध्रुवीकरण और बांटने की हो, तो जमीनी स्तर पर भाजपा नेताओं का ऐसा घटिया बर्ताव सामने आना आश्चर्य की बात नहीं है।’

टोंक से विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने जौनपुरिया की आलोचना करते हुए कहा, “भाजपा व आरएसएस की मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनाओं की व्याख्या में करुणा के बजाय नफरत झलकती है। एक गरीब, जरूरतमंद महिला को कंबल देने से वंचित करना और उसका अपमान करना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।”

उन्होंने कहा, “धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव करना न केवल नैतिक रूप से गलत है, बल्कि संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन भी है।”

टोंक-सवाई माधोपुर से कांग्रेस सांसद हरीश चंद्र मीणा ने भी जौनापुरिया के व्यवहार की आलोचना की है। उन्होंने कहा, “जौनपुरिया द्वारा मुस्लिम रोजेदार महिलाओं से किया गया व्यवहार न केवल निंदनीय है बल्कि इस देश के सामाजिक ताने बाने को नष्ट करने वाली विघटनकारी सोच का परिणाम है।”

कांग्रेस नेताओं ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए इसकी भर्तसना की।

पूर्व सांसद प्रधानमंत्री मोदी के 28 फरवरी को अजमेर में प्रस्तावित दौरे के लिए लोगों को आमंत्रित करने गए थे।

इस बीच युवक कांग्रेस के नेता विक्रम चौधरी ने करेड़ा गांव का दौरा किया और मुस्लिम महिलाओं को कंबल बांटे। उन्होंने पूर्व सांसद पर सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा,“ भाजपा की तुच्छ सोच लोगों को हिंदू और मुसलमान में बांटने की की है।’

वहीं सोमवार को गांववाले इकट्ठा हुए और पूर्व सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान जौनापुरिया का पुतला जलाया गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व निवाई के पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेश चौधरी ने किया। उन्होंने कहा,’ हमारे गांव की महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’

भाषा पृथ्वी

मनीषा रंजन

रंजन

शीर्ष 5 समाचार