राजस्थान: गेहूं खरीद की मांग को लेकर किसानों का गंगानगर में प्रदर्शन

राजस्थान: गेहूं खरीद की मांग को लेकर किसानों का गंगानगर में प्रदर्शन

राजस्थान: गेहूं खरीद की मांग को लेकर किसानों का गंगानगर में प्रदर्शन
Modified Date: June 6, 2026 / 05:25 pm IST
Published Date: June 6, 2026 5:25 pm IST

जयपुर, छह जून (भाषा) राजस्थान के गंगानगर में शनिवार को बड़ी संख्या में किसानों ने गेहूं खरीद की समयसीमा बढ़ाने और खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया।

आंदोलन कर रहे किसान ट्रेक्टर के साथ शहर के गंगासिंह चौक पर जमा हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। किसान वहां से क्लेक्टर कार्यालय की ओर जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इससे थोड़ी देर के लिए गतिरोध की स्थिति बन गई, हालांकि, किसान नेताओं और प्रशासन के बीच बातचीत जारी रही।

इससे पहले दिन में किसानों ने ट्रैक्टर और गाड़ियों के काफिले के साथ विरोध स्थल पर जाने से पहले पास ही गुरुद्वारा सिंह सभा में बैठक की। किसान नेता संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और दावा किया कि बार-बार विरोध प्रदर्शन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘हम लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।’

किसानों ने मांग की कि सरकार द्वारा घोषित गेहूं खरीद कोटे में बढ़ोतरी का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उन किसानों को दिया जाए जिन्होंने खरीद प्रक्रिया के लिए पहले ही पंजीकरण करा लिया था। प्रदर्शनकारियों ने खरीद, वजन और भुगतान प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की भी मांग की।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

भाषा पृथ्वी अमित

अमित

अमित


लेखक के बारे में