राजस्थान: गहलोत ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

Ads

राजस्थान: गहलोत ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 10:06 PM IST

जयपुर, 27 सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा कथित रूप से आपत्तियां उठाए जाने संबंधी हालिया खबरों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर जताई गई चिंताओं को सही साबित किया है।

गहलोत ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के भीतर से ही सवाल उठ रहे हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कुछ सहयोगी दल भी स्पष्टीकरण मांग रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पहले जब किसी संवैधानिक संस्था में समस्याएं आती थीं तो सभी राजनीतिक दल उन्हें दूर करने के लिए एकजुट होकर बात करते थे। पहली बार निर्वाचन आयोग जैसी संस्था में काम कर रहे दो निर्वाचन आयुक्त ही सवाल उठा रहे हैं।’’

गहलोत ने दावा किया कि राहुल गांधी पिछले दो वर्षों से कथित ‘‘वोट चोरी’’, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल के बयान सही साबित हुए हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं।’’

गहलोत ने भाजपा और ज्ञानेश कुमार के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया तथा उनसे इस्तीफा देने की मांग की।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र