राजस्थान सरकार का बजट विकसित राजस्थान का रोडमैप: डॉ. बैरवा

Ads

राजस्थान सरकार का बजट विकसित राजस्थान का रोडमैप: डॉ. बैरवा

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 06:35 PM IST

जयपुर, 12 फरवरी (भाषा) राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने राज्य सरकार के तीसरे बजट को ऐतिहासिक बताते हुए इसे विकसित राजस्थान का सशक्त रोडमैप करार दिया है।

डॉ. बैरवा ने बृहस्पतिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा विधानसभा में पेश वर्ष 2026–27 का यह बजट गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के सर्वांगीण विकास को समर्पित है।

उन्होंने बताया कि छह लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये के इस बजट का आकार वर्ष 2023–24 की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है और इसमें राज्य के अवसंरचना विकास के लिए 53 हजार 978 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है, जो वर्ष 2023–24 की तुलना में दोगुने से अधिक है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पूर्व बजट से 53 प्रतिशत अधिक है। कृषि बजट में 7.59 प्रतिशत तथा हरित बजट में 20.81 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

बैरवा के अनुसार बुधवार को विधानसभा में पेश इस बजट में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए 69 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जो वर्ष 2023-24 की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक है।

संसदीय कार्य मंत्री पटेल ने बजट 2026-27 को लोकलुभावन वादों से परे समग्र एवं सतत विकास का दस्तावेज बताया।

उन्होंने कहा, “यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए यह बजट महिला, युवा, मजदूर, वंचित और किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित है।”

पटेल ने कहा कि यह बजट केवल रकम का हिसाब नहीं, बल्कि शासन की सोच का आइना है और इसमें विकसित राजस्थान का स्पष्ट विजन प्रस्तुत किया गया है।

भाषा पृथ्वी

राजकुमार नोमान

नोमान