जयपुर, 19 जून (भाषा) राजस्थान सरकार ने कर्मचारियों के तबादलों पर पूर्ण प्रतिबंध को पांच जुलाई तक हटाने का निर्णय किया है। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग ने शुक्रवार को इस बारे में आदेश जारी किया है।
राजस्थान सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग ने आदेश जारी कर राजकीय अधिकारियों/कर्मचारियों के स्थानान्तरण पर लगाये गये पूर्ण प्रतिबंध के क्रम में 19 जून से पांच जुलाई 2026 की अवधि के बीच उक्त प्रतिबंध हटाया है।
आदेश के अनुसार, शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी वेतन शृंखला के अध्यापकों तथा वर्षा काल में संभावित बीमारियों के दृष्टिगत चिकित्सा विभाग के कार्मिकों के लिए स्थानान्तरण प्रतिबंध अग्रिम आदेशों तक यथावत रहेगा।
इसके अनुसार, तबादलों में एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता, मेडिकल बोर्ड अथवा सक्षम स्तर द्वारा प्रमाणित असाध्य रोग (यथा कैंसर, मस्तिष्क, हृदय, फेफड़े, किडनी के गंभीर अथवा अन्य प्राण घातक रोग) से ग्रसित कार्मिक, दीर्घावधि सेवा, दिव्यांग कर्मियों तथा राजकीय सेवारत पति-पत्नी प्रकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक