सतना, 19 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के सतना जिले के एक अस्पताल के प्रसूति कक्ष में अजगर का एक बच्चा घुस जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, उसे सुरक्षित पकड़कर बाहर छोड़ दिया गया और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
यह घटना बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे हुई।
अस्पताल के एक नर्सिंगकर्मी ने प्रसूति कक्ष में मेजों के बीच अजगर के बच्चे को रेंगते हुए देखा, जिससे वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं समेत सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और सफाईकर्मियों को बुलाया। सफाईकर्मियों ने अजगर के बच्चे को पकड़कर अस्पताल परिसर के बाहर छोड़ दिया।
सतना जिला अस्पताल के सहायक प्रबंधक डॉ. धीरेंद्र वर्मा ने घटना की पुष्टि की।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘रात में सूचना मिली थी कि प्रसूति कक्ष में अजगर का एक बच्चा घुस गया है। तत्काल एक सफाईकर्मी को बुलाया गया और उसे पकड़कर बाहर छोड़ दिया गया।’’
वर्मा ने कहा, ‘‘अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था पुरानी और जर्जर है। कई स्थानों पर नालियां जाम हैं, जिसके कारण ऐसे जीव परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। प्रसूति कक्ष के पीछे कचरा भी जमा है, जिसकी सफाई नहीं हुई है।’’
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, प्रसूति कक्ष से सटे शौचालय की खिड़की के बाहर उगी झाड़ियां और जमा कचरा संभवत: अजगर के अंदर आने का कारण बने।
भाषा सं दिमो शफीक
शफीक