जयपुर, 24 मई (भाषा) राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है और पश्चिमी हिस्सों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के आस—पास बना हुआ है जबकि जैसलमेर में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान सबसे अधिक 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर स्थित मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम केंद्र ने लू की चेतावनी दी और अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया।
मौसम विभाग ने बताया कि 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है, साथ ही तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
विभाग ने बताया कि 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46–47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ स्थानों पर भीषण लू की स्थिति बन सकती है।
मौसम केंद्र के मुताबिक, हालांकि 28–29 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ राहत ला सकता है और इस दौरान तेज आंधी व 50–60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।
विभाग ने इससे अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद जताई।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि आंधी और बारिश की गतिविधियां जून के पहले सप्ताह तक जारी रह सकती हैं, जिससे बीच-बीच में गर्मी से राहत मिलेगी।
भाषा बाकोलिया अमित जितेंद्र
जितेंद्र