नरवर किले से चोरी हुई 400 साल पुरानी तोप की तलाश में राजस्थान-मध्यप्रदेश पुलिस का संयुक्त अभियान
नरवर किले से चोरी हुई 400 साल पुरानी तोप की तलाश में राजस्थान-मध्यप्रदेश पुलिस का संयुक्त अभियान
जयपुर, 24 जुलाई (भाषा) राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने नरवर किले से चोरी हुई तोप की तलाश में राजस्थान के करौली जिले में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 400 वर्ष पुरानी और 3.5 टन वजनी यह तोप पिछले सप्ताह मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित नरवर किले से चोरी हो गई थी।
करौली पुलिस ने हालांकि शुक्रवार को बताया कि अब तक इस अभियान में कोई सफलता नहीं मिली है।
करौली के सदर थाना प्रभारी गिर्राज प्रसाद ने कहा, ‘‘ऐसी सूचना मिली थी कि तोप को नरवर किले से करीब 250 किलोमीटर दूर करौली जिले के गांवड़ी मीणा गांव लाया गया है। इसी सूचना के आधार पर गांव में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।’’
प्रारंभिक जांच के अनुसार, कुछ लोग पिछले सप्ताह एक वाहन से नरवर किले के पिछले हिस्से में पहुंचे और वहां रखी 3,500 किलोग्राम वजनी तोप चोरी कर ले गए।
करौली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस ने जांच में सहयोग मांगा था।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम मामले की जांच कर रही मध्यप्रदेश पुलिस की टीम की सहायता कर रहे हैं। चार-पांच स्थानों पर खुदाई कराई गई, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।’’
पुलिस को आशंका है कि चोरों ने तोप को जमीन में गाड़ दिया हो सकता है। इसी आशंका के मद्देनजर करौली जिले में कई स्थानों पर एक्सकेवेटर मशीनों से खुदाई कराई गई। तलाशी अभियान में मदद के लिए भरतपुर से भूमिगत धातु का पता लगाने वाले उपकरण (अंडरग्राउंड मेटल डिटेक्टर) से लैस एक विशेष टीम को भी बुलाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के लिए 50 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है तथा गांव और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि जहां भी हाल में खुदाई के निशान दिखाई दे रहे हैं, उन सभी स्थानों की जांच की जा रही है।
मध्यप्रदेश पुलिस को आशंका है कि यदि चोरी हुई तोप शीघ्र बरामद नहीं की गई तो वह प्राचीन कलाकृतियों की तस्करी करने वाले किसी संगठित गिरोह के हाथ लग सकती है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


