राजस्थान : ईडी में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

राजस्थान : ईडी में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 10:34 PM IST

जयपुर, 28 फरवरी (भाषा) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार जनपद अयोध्या (उत्तर प्रदेश) के गांव सरई पाण्डेयपुर के रहने वाले उत्तर पांडेय को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में एक निजी कंपनी में निवेश के संबंध में उसके साथ धोखाधड़ी हुई थी। इस संबंध में आरोपी द्वारा परिवादी से संपर्क कर स्वयं को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) चंडीगढ़ के सहायक निदेशक कार्यालय से संबद्ध बताते हुए उक्त प्रकरण में नाम हटवाने एवं राहत दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की गई।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने शुरू में 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांगी जिसे बाद में घटाकर 15 लाख रुपये तथा अंततः 13 लाख रुपये लेने पर सहमति व्यक्त की गई।

ब्यूरो की टीम ने शनिवार को जाल बिछाकर आरोपी को होटल में रिश्वत राशि लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 13 लाख रुपये की रिश्वत राशि (दो लाख रुपये नकद एवं 11 लाख रुपये अन्य माध्यम से) बरामद की गई। मामले में आगे जांच की जा रही है।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत