जयपुर, 10 जून (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण थाने में सोमवार को एक युवक ने कथित तौर पर धारदार वस्तु से गुप्तांग को काटने का प्रयास किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जैसलमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह भाटी ने बताया कि रविवार रात को आरोपी दिव्यांग युवक अब्दुल वाशीद (35) ने महिलाओं के साथ बदसलूकी और उनके साथ छेड़छाड़ की थी जिसके बाद उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 151 के तहत हिरासत में लिया गया था।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह आरोपी ने शौचालय में जाकर धारदार वस्तु से गुप्तांग को काटने का प्रयास किया जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे उपचार के लिये जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि उसने यह कदम आत्महत्या करने के लिये उठाया था या किसी अन्य वजह से। भाटी ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है और वह बातचीत कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित महिलाओं की मेडिकल जांच करवायी गई है और मामले में जांच जारी है।
भाषा कुंज खारी
खारी